शुक्रवार, 23 अगस्त 2024

इस बार की श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बहुत ही खास हैः आचार्य दीपक तेजस्वी

 

द्वापर में भगवान के जन्म के समय बने शुभ संयोग इस बार की जन्माष्टमी पर भी बन रहे हैं

गाजियाबादःआचार्य दीपक तेजस्वी ने कहा कि इस बार की श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बहुत ही खास है क्योंकि इस जन्माष्टमी पर जयंती योग यानि द्वापरकालीन शुभ संयोग बन रहा है। ऐसे में जन्माष्टमी पर व्रत रखकर भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना करने वालों पर भगवान कृष्ण की कृपा बरसेगी। जीवन के कष्ट व दर्द दूर होंगे और सुख-समृद्धि व खुशहाली का वास होगा। आचार्य दीपक तेजस्वी ने बताया कि जयंती योग उसे कहा जाता है,जो जन्म के समय बनता है। ज्योतिष गणना व  पंचांग के अनुसार इस साल कृष्ण जन्माष्टमी उसी योग में पड़ रही है, जिस योग में द्वापर युग में भगवान कृष्ण का जन्म हुआ था। इसी के चलते इस बार की कृष्ण जन्माष्टमी बहुत ही खास तथा लाभकारी फल प्रदान करने वाली है। भगवान कृष्ण का जन्म भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में रात्रि 12 बजे हुआ था। भगवान कृष्ण के जन्म के समय चंद्रमा वृष राशि में थे। इस वर्ष भी भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र है और चंद्रमा भी वृष राशि में रहेंगे। यानि भगवान कृष्ण ने द्वापर युग में जब अवतार लिया था, उस समय जो शुभ संयोग था, वह शुभ संयोग इस बार की जन्माष्टमी पर्व पर भी रहेगा। इसी कारण इस बार की कृष्ण जन्माष्टमी पर विशेष फल प्रदान करने वाली है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें